CLAT 2026 स्कोर पर लखनऊ विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला, 60 अंक पाने वाले छात्रों को इंटीग्रेटेड LLB में सीधे मिलेगा प्रवेश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

9 जुलाई की प्रवेश परीक्षा से मिलेगी छूट, निर्धारित न्यूनतम CLAT स्कोर वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर मिलेगा दाखिला

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी (LLB) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है और CLAT-2026 में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे छात्रों को CLAT मेरिट के आधार पर सीधे प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 9 जुलाई को प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए होगी, जिन्होंने निर्धारित न्यूनतम CLAT स्कोर हासिल नहीं किया है।

प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव ने बताया कि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 60 अंक और ओबीसी, एससी, एसटी तथा दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 54 अंक न्यूनतम योग्यता निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदवारों के CLAT-2026 में इससे कम अंक हैं, उनके लिए लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य रहेगा। वहीं, निर्धारित स्कोर हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की अलग प्रवेश परीक्षा से छूट मिलेगी और उनका चयन CLAT मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

इस निर्णय का उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के अनुरूप बनाना है।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ में 152 जर्जर स्कूलों पर रेड अलर्ट, 46 भवन होंगे ध्वस्त

संबंधित समाचार