Gonda News: फूल तोड़ने गई युवती की मालगाड़ी से कटकर मौत, रेलवे ट्रैक में फंसा था पैर
गोंडा, अमृत विचार। इटियाथोक थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इटियाथोक रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर हरैया झूमन गांव स्थित शिवाला के सामने हुआ। बताया गया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय युवती का पैर फंस गया और इसी दौरान गोंडा से गोरखपुर जा रही मालगाड़ी वहां पहुंच गई।
फूल तोड़ने के लिए ट्रैक पार कर रही थी मानसी
हरैया झूमन गांव निवासी धर्मराज तिवारी की 19 वर्षीय बेटी मानसी बुधवार सुबह करीब पांच बजे घर के पास रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर फूल तोड़ने जा रही थी। परिजनों के मुताबिक, ट्रैक पार करते समय अचानक उसका पैर रेलवे लाइन में फंस गया। इसी बीच गोंडा से गोरखपुर की ओर जा रही मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी। मानसी मालगाड़ी की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मचा कोहराम
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। बेटी का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि युवती की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना इटियाथोक पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मानसी के पिता धर्मराज तिवारी इटियाथोक स्थित एक आरा मशीन पर मजदूरी करते हैं, जबकि मां लखपता गृहिणी हैं। मानसी से बड़ी बहन आशा और वंदना की शादी हो चुकी है। परिवार में दो छोटे भाई प्रशांत और अहम हैं। बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
