बाराबंकी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की भीषण टक्कर, चार की हालत गंभीर
बाराबंकी, अमृत विचारः जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर एक-दूसरे में फंस गए। दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन लोग और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
भोर चार बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर टड़िया गांव के पास रविवार सुबह करीब चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो घंटे तक केबिन में फंसा रहा ट्रक चालक
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन के क्षतिग्रस्त केबिन में करीब दो घंटे तक फंसा रहा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, डायल-112 और कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाते हुए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
कई घंटे बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के चलते भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर लंबा जाम लग गया। दोनों वाहन सड़क के बीच फंसे होने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और फायर विभाग ने पहले छोटे वाहनों का आवागमन शुरू कराया और बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर भारी वाहनों के लिए भी मार्ग बहाल कराया।
चारों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया
हादसे में घायल लोगों की पहचान महेंद्र दीक्षित पुत्र नंदकिशोर, रामराज पुत्र सुखराम, रंजीत पुत्र बरसन, निवासी टड़िया मजरा महुलारा, तथा ट्रक चालक विनोद पुत्र शिवपाल, निवासी पेरा सरैया, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
