Shravasti News: बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने शरणालय का किया निरीक्षण; भोजन से दवा तक पुख्ता इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

राप्ती का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क, बाढ़ शरणालय में भोजन-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी पूरी रखने के निर्देश

राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने और मानसूनी बारिश को देखते हुए श्रावस्ती प्रशासन अलर्ट है। डीएम और एसपी ने बाढ़ शरणालय का निरीक्षण कर भोजन, पानी, दवा, बिजली और पशु चारे की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

श्रावस्ती,अमृत विचार। मानसूनी बारिश और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने जमुनहा तहसील के लक्ष्मननगर स्थित किसान डिग्री कॉलेज में बनाए गए बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की स्थिति में शरणालय में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

शरणालय में 24 घंटे उपलब्ध रहेगी मेडिकल टीम

Administration regarding floods (1)

डीएम ने शरणालय में शुद्ध पेयजल के लिए पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर और क्लोरीन की गोलियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा टीम की तैनाती, जीवन रक्षक दवाओं, सर्पदंश रोधी टीकों और ओआरएस के पैकेट की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण पका हुआ भोजन और सूखा राशन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखा जाए। सूखे राशन में लाई, चना, गुड़ और बिस्किट जैसी आवश्यक सामग्री रखने के निर्देश दिए गए।

बिजली और पशुओं के लिए भी इंतजाम

Administration regarding floods

संभावित बाढ़ के दौरान बिजली व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए शरणालय में जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, बाढ़ प्रभावित परिवारों के मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, पशु चारा और जरूरी टीकाकरण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

24 घंटे सक्रिय है आपदा कंट्रोल रूम

Administration on alert regarding floods

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन या आपदा हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रवि प्रताप सिंह, तहसीलदार जमुनहा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़े : 
Kanpur News: विकास भवन पहुंचे छात्रों ने गेट बंद कर किया प्रदर्शन, स्कोलरशिप नहीं मिलने का लगाया आरोप

संबंधित समाचार