Gorakhpur News : नाग पंचमी पर मातम! तालाब में नहाने गए 3 मासूम डूबे, एक साथ बुझ गए तीन घरों के चिराग

Amrit Vichar Network
On

9, 12 और 14 साल के बच्चों की मौत से गांव में मचा कोहराम

Gorakhpur News: नाग पंचमी पर तालाब में नहाने गए 9, 12 और 14 साल के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद तीन परिवारों में मातम और गांव में शोक की लहर है।

गोरखपुर, अमृत विचार। नाग पंचमी का त्योहार गोरखपुर के बदौली बाबू गांव के तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गया। सोमवार सुबह तालाब में नहाने गए तीन मासूम गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।

घटना बांसगांव क्षेत्र के बदौली बाबू गांव की है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे नाग पंचमी के मौके पर गांव के कई बच्चे तालाब के पास जुटे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे तालाब में नहाने लगे। नहाते समय 9, 12 और 14 साल के तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर अन्य बच्चों ने किसी तरह बाहर निकलकर गांव में घटना की जानकारी दी।

3

सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह ग्रामीणों के साथ तालाब पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया। बच्चों की तलाश के लिए मछली पकड़ने वाले जाल का भी इस्तेमाल किया गया। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। इनमें एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे में सचिन पुत्र भजुराम, अनुज पुत्र सत्य प्रकाश और हरीश पुत्र राधेश्याम की मौत हुई है। 14 वर्षीय सचिन कक्षा छह, नौ वर्षीय अनुज कक्षा तीन और 12 वर्षीय हरीश कक्षा पांच का छात्र था। तीनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, जिन घरों में नाग पंचमी की तैयारियां और त्योहार की खुशियां थीं, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए।

45

हादसे की सूचना पर बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान, तहसीलदार बांसगांव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवाजी सिंह और ब्लॉक प्रमुख शिवाजी चंद समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नाग पंचमी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे बदौली बाबू गांव में शोक की लहर है।

संबंधित समाचार