Kanpur News : कर्ज चुकाने और लग्जरी लाइफ के चक्कर में इवेंट मैनेजर बना चरस तस्कर, 15 करोड़ की चरस के साथ दो गिरफ्तार
नेपाल से चरस लाकर नासिक-इंदौर में सप्लाई का आरोप
कानपुर की फजलगंज पुलिस ने 15.320 किलो चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इवेंट मैनेजर आसमित गौतम नेपाल से चरस लाकर नासिक और इंदौर में सप्लाई करता था। आरोपियों ने तीन महीने में करीब 50 किलो चरस खपाने की बात बताई है।
कानपुर, अमृत विचार। कर्ज का बोझ उतारने और लग्जरी लाइफ जीने की चाहत ने इवेंट मैनेजर को चरस तस्करी के धंधे में धकेल दिया। नेपाल से चरस लाकर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई करने वाले इवेंट मैनेजर समेत दो तस्करों को फजलगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 15.320 किलो चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पिछले तीन माह में करीब 50 किलो चरस नासिक और इंदौर में खपाने की बात बताई है।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार देर रात फजलगंज पुलिस दादानगर ढाल स्थित कंटेनर यार्ड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ऑल्टो कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें चरस बरामद हुई। मौके से यशोदनगर स्वर्ण जयंती विहार डूडा कॉलोनी निवासी आसमित गौतम और लालबंगला निवासी आयुष तिवारी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आसमित ने बताया कि वह इवेंट मैनेजमेंट के साथ जिम भी चलाता है। वह नेपाल से चरस लाकर महाराष्ट्र के नासिक और मध्य प्रदेश के इंदौर में सप्लाई करता था। दोनों आरोपी एक किलो चरस करीब 20 हजार रुपये में खरीदते और 25 हजार रुपये में बेचते थे। पुलिस के अनुसार तीन माह में दोनों करीब 50 किलो चरस की सप्लाई कर चुके हैं।
भाई के जेल जाने के बाद संभाला नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक आसमित का भाई नवीत गौतम भी चरस तस्करी में शामिल था। फरवरी 2026 में राजस्थान के सिरोही जिले में 20 किलो चरस के साथ नवीत को गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह सिरोही जेल में बंद है। भाई के जेल जाने के बाद आसमित ने तस्करी का नेटवर्क संभाल लिया।
1.50 करोड़ का कर्ज चुकाने के लिए उतरा धंधे में
आसमित ने पूछताछ में बताया कि बहन की शादी में काफी कर्ज हो गया था। इसके अलावा जिम और मकान पर करीब 1.50 करोड़ रुपये का लोन है। कर्ज चुकाने के लिए उसने चरस तस्करी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक तस्करी से होने वाली कमाई का इस्तेमाल दोनों आरोपी ऐशो-आराम की जिंदगी जीने में भी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.320 किलो चरस, ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अब नेपाल से लेकर नासिक और इंदौर तक फैले तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर 15.320 किलो चरस बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों के तीन माह में करीब 50 किलो चरस सप्लाई करने की जानकारी सामने आई है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जा रही है। — अतुल कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल
