बाराबंकी में बाढ़ के बीच एक्शन में प्रभारी मंत्री : तटबंध से शरणालय तक लिया जायजा; बोले-एक भी पीड़ित राहत से वंचित न रहे
बाढ़ प्रभावित हेतमापुर पहुंचे प्रभारी मंत्री, 500 परिवारों को बांटी राहत किट
बाराबंकी के बाढ़ प्रभावित हेतमापुर पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने सरयू नदी, तटबंध और राहत केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रभावित परिवारों को राहत किट बांटी और पशुओं के लिए 20 किलो भूसा देने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को किसी भी पीड़ित परिवार को राहत से वंचित न रखने के निर्देश दिए।
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य मंत्री कारागार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने मंगलवार को तहसील रामनगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र हेतमापुर पहुंचकर बाढ़ चौकी, स्थायी बाढ़ शरणालय और हेतमापुर तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने सरयू नदी के जलस्तर, जलमग्न गांवों और राहत-बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रभारी मंत्री ने स्थायी बाढ़ शरणालय हेतमापुर में 50 प्रभावित व्यक्तियों को राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा राजस्व ग्राम बतनेरा के ग्राम कोडरी में 113, सुंदरनगर में 90, ललपुरवा में 138 तथा बाबा पुरवा में 109 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराई गईं।
निरीक्षण के दौरान तटबंध पर पशुओं के लिए वितरित किए जा रहे भूसे की जानकारी लेते हुए मंत्री ने ग्रामीणों से भी बात की। ललपुरवा के महेश कुमार और हेतमापुर के शोभाराम ने बताया कि पशुओं की संख्या अधिक होने के बावजूद एक-एक बोरी भूसा दिया जा रहा है। मंत्री ने संबंधित अधिकारी से जानकारी ली और 20-20 किलो भूसा देने की बात कही। बोरी का वजन स्वयं और एक बच्चे से उठवाकर देखने पर उन्होंने वजन कम होने की आशंका जताई और 20 किलो भूसा वितरित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जलमग्न सुंदरनगर का जायजा लेने के साथ उधिया गांव पहुंचकर सरयू नदी की स्थिति भी देखी। ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ है और आपदा की स्थिति में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों के सवाल पर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आवास और पट्टा उपलब्ध कराने की बात भी कही।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी बाढ़ प्रभावित परिवार राहत सामग्री से वंचित न रहे। बाढ़ चौकियों पर अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करें और पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने राजस्व विभाग को सत्यापन व राहत वितरण, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं, पशुपालन विभाग को चारे व पशु चिकित्सा तथा अन्य विभागों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मंत्री को बाढ़ की स्थिति और प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था है।
इस दौरान एमएलसी अंगद सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधायक रामनगर शरद अवस्थी, जिला पूर्ति निरीक्षक राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता, तहसीलदार विपुल सिंह, सीओ फतेहपुर जगत कनौजिया, खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें;- Barabanki News : महादेवा में पुलिस की सख्ती! बैरियर पर श्रद्धालुओं से नोकझोंक और धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
