श्रावस्ती में दो हादसों से मातम : दिल्ली से लौटे युवक का फंदे से लटकता मिला शव, पेड़ के नीचे दबकर वृद्धा की मौत
श्रावस्ती में दो अलग-अलग घटनाओं में युवक और वृद्धा की मौत हो गई। जमुनहा में दिल्ली से लौटे युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि गिलौला में पेड़ के नीचे दबकर 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
जमुनहा/गिलौला (श्रावस्ती), अमृत विचार: श्रावस्ती में सोमवार रात और मंगलवार सुबह दो अलग-अलग हादसों में युवक और वृद्धा की मौत हो गई। जमुनहा क्षेत्र में दिल्ली से मजदूरी कर लौटे 30 वर्षीय युवक का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से लटका मिला। वहीं गिलौला क्षेत्र में रात में लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली 70 वर्षीय वृद्धा की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली से लौटे युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी चौड़ा गांव के मजरा गणेशपुर निवासी रामू कश्यप (30) पुत्र नायब दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके बड़े भाई अक्षयबर और श्यामू बंटवारा होने के बाद अलग रहते हैं। रामू की पत्नी प्रीती अपनी चार वर्षीय बेटी श्रीति, तीन वर्षीय कीर्ति और तीन माह के बेटे रौनक के साथ रहती है।

कुछ दिन पहले प्रीती बच्चों के साथ नागपंचमी का पर्व मनाने अपने मायके नेपाल के बांके जिले के जैसपुर गई थी। सोमवार को रामू दिल्ली से वापस घर लौटा था। मंगलवार सुबह उसकी भाभी कुसुम देवी कमरे की ओर गईं तो दरवाजा खुला मिला। अंदर रामू का शव दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से लटका देखकर उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीणों और परिजनों की सूचना पर मल्हीपुर पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी और बच्चों के घर पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।

गिलौला : लघुशंका के लिए घर से निकली वृद्धा पर गिरा पेड़, मौत
दूसरी घटना गिलौला थाना क्षेत्र के दंदौली गांव की है। यहां सोमवार रात घर के बाहर अचानक पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर 70 वर्षीय विद्यावती की मौत हो गई। उनके पुत्र उमेश कुमार के अनुसार, रात में उनकी मां लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान घर के सामने लगा पकड़िया का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा और विद्यावती उसकी चपेट में आ गईं।
पेड़ गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वृद्धा को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। वृद्धा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें;- Barabanki News : महादेवा में पुलिस की सख्ती! बैरियर पर श्रद्धालुओं से नोकझोंक और धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
