NTA पर शिक्षा मंत्री की सख्ती, 50 से ज्यादा कर्मचारियों पर गिरी गाज; परीक्षा व्यवस्था में ऑडिट के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

UGC-NET में गड़बड़ियों के बाद NTA में बड़ा बदलाव, 10 अहम पदों पर पेशेवरों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू

NTA पर शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सख्ती दिखाई है। परीक्षा व्यवस्था में सुधार के तहत 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया गया है और सभी परीक्षा प्रक्रियाओं के ऑडिट के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, NTA से 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया गया है और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख पदों पर पेशेवरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है, जब UGC-NET जून 2026 के तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई गलतियां मिलने के बाद NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। इससे पहले NEET-UG 2026 की परीक्षा भी प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच रद्द की गई थी।

10 नए पदों पर होगी पेशेवरों की भर्ती

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, NTA ने मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO), मुख्य वित्त अधिकारी (CFO), मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO), महाप्रबंधक (परीक्षा सुरक्षा) और महाप्रबंधक (अनुसंधान एवं विकास तथा साइकोमेट्रिक्स) समेत 10 नए पेशेवर पदों के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। परीक्षा व्यवस्था में साइबर सुरक्षा, साइकोमेट्रिक्स, प्रश्नपत्र तैयार करने और अन्य विशेषज्ञ क्षेत्रों के लिए निजी क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी।

परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, NTA के महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में NTA की ओर से परीक्षा व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की जानकारी दी गई। मंत्री ने स्थापित परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गोपनीय संचालन व्यवस्था, अलग-थलग कमरों, एयर-गैप्ड सिस्टम और परीक्षा से जुड़े उपकरण जमा करने की प्रक्रिया में व्यापक बदलाव को युद्धस्तर पर लागू करने को कहा।

NTA की सभी प्रक्रियाओं का होगा ऑडिट

शिक्षा मंत्रालय ने NTA को परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का गहन ऑडिट कराने और सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है।

UGC-NET के तीन विषयों की फिर होगी परीक्षा

NTA ने रविवार रात UGC-NET जून 2026 के अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों की दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की थी। प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियों की शिकायतें सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया। अंग्रेजी और वाणिज्य की दोबारा परीक्षा 9 सितंबर, जबकि समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को आयोजित की जाएगी। NTA ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों में आयोजित की थी। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

ये भी पढ़े : 
कुछ ऐसी है Nitin Nabin की महिला ब्रिगेड, स्मृति ईरानी, वसुंधरा राजे समेत इन 10 चेहरों को मिली बीजेपी टीम में जगह

 

 

 

संबंधित समाचार