Etawah Double Murder : इटावा में मां-बेटी की हंसिया से गला काटकर निर्मम हत्या, दो दिन से स्कूटी से आ रहा था युवक

Amrit Vichar Network
On

भरथना के चंदेठी गांव में सनसनीखेज वारदात, बेटी का पति से चल रहा था विवाद

Etawah News: भरथना के चंदेठी गांव में मायके में सो रही मां-बेटी की हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस को दो दिन से घर आ रहे स्कूटी सवार युवक की जानकारी मिली है।

इटावा, अमृत विचार। इटावा के भरथना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चंदेठी गांव में मायके में रह रही एक महिला और उसकी बेटी की घर में सोते समय कथित तौर पर हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी गई। सोमवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, मृतकों की पहचान पुष्पा देवी (55) और उनकी बेटी निर्मला उर्फ मंजू (38) के रूप में हुई है। दोनों की रात में सोते समय फसल काटने में इस्तेमाल होने वाली हंसिया से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका है।

रविवार शाम एक दूध विक्रेता पुष्पा देवी के घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने नोएडा में सुरक्षाकर्मी की नौकरी करने वाले पुष्पा के पति सुरेश कुमार को फोन किया। इसके बाद दूध विक्रेता ने घर के अंदर झांककर देखा तो बिस्तर पर निर्मला का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि आंगन में पुष्पा देवी का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी के चार महीने बाद मायके आ गई थी निर्मला

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि निर्मला की शादी मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब चार महीने बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह मायके लौट आई थी।

निर्मला ने पति से गुजारा भत्ता पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। पुलिस के मुताबिक, तीन अगस्त को अदालत ने सत्येंद्र को निर्मला को हर महीने सात हजार रुपये गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। वहीं सत्येंद्र की ओर से दायर तलाक का मुकदमा भी अदालत में विचाराधीन है।

दो दिन लगातार स्कूटी से आया था युवक

पुलिस जांच में एक और अहम बात सामने आई है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि 14 और 15 अगस्त को लगातार दो दिन एक युवक स्कूटी से पुष्पा के घर आया था। अब पुलिस इस युवक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य कारण की आशंका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः UP Transfer : 18 सहायक मजिस्ट्रेटों की नई तैनाती, शाहजहांपुर से लखनऊ तक बदले कार्यक्षेत्र; देखें पूरी लिस्ट

संबंधित समाचार