Lakhimpur Kheri News: हज-2027 यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों की भर्ती, 23 अगस्त तक करें आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हज-2027 की तैयारी तेज, प्रशिक्षक बनने के लिए 23 अगस्त तक आवेदन; 30 अगस्त को होगी चयन परीक्षा

हज-2027 यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए 30 अगस्त को कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी।

लखीमपुर खीरी। हज-2027 की तैयारियों को लेकर जिले में हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षकों के चयन के लिए 30 अगस्त को कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रस्तावित है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार सिंह ने निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

30 अगस्त को होगी चयन परीक्षा

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के मुताबिक, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सात अगस्त के पत्र के आधार पर प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत 11 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। चयन के लिए 30 अगस्त को 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा और 20 अंकों की सामान्य ज्ञान परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाओं में अलग-अलग कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा। अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को चयन में वरीयता दी जाएगी।

सितंबर में होगा साक्षात्कार

परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों का 1 से 6 सितंबर के बीच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की ओर से साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों का चयन हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

प्रशिक्षक बनने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। स्नातक, सूचना तकनीक का ज्ञान रखने वाले और हज-उमराह के अरकान की जानकारी रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा अभ्यर्थी को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी या स्थानीय भाषा का ज्ञान होना जरूरी है। आवेदक की उम्र 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए।

हज या उमराह का अनुभव जरूरी

प्रशिक्षक पद के लिए आवेदक का पिछले पांच वर्षों में कम से कम एक बार हज या उमराह कर चुके होना भी अनिवार्य है। प्रशासन का उद्देश्य हज-2027 पर जाने वाले यात्रियों को बेहतर और व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए अनुभवी और योग्य प्रशिक्षकों का चयन करना है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता के अनुसार 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

ये भी पढ़े : 
Moradabad News: CM योगी की घोषणा पर कोटेदारों में जश्न, धन्यवाद पत्र देकर बोले- अब बढ़ेगी हमारी कमाई

संबंधित समाचार