Lakhimpur Kheri News: कोटेदारों का लाभांश बढ़कर 125 प्रति क्विंटल, अब अन्नपूर्णा भवन संचालक के नाम से होगी पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखीमपुर खीरी के 1,486 कोटेदारों को मिलेगा बढ़े लाभांश का फायदा, नई पहचान से बढ़ेगा सम्मान और मनोबल

योगी सरकार ने कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। जिले के 1,486 उचित दर विक्रेताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब कोटेदारों को अन्नपूर्णा भवन संचालक के नाम से जाना जाएगा।

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी कर बड़ी राहत दी है। अब कोटेदारों को 90 रुपये के बजाय 125 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा। साथ ही उचित दर दुकानों के संचालकों को नई पहचान देते हुए अब उन्हें 'अन्नपूर्णा भवन संचालक' के नाम से जाना जाएगा। लाभांश बढ़ने का सीधा फायदा जिले के 1,486 उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा।

अटल सभागार में हुआ लाइव प्रसारण

कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक व्यवस्था के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और कोटेदारों ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।

योगी सरकार ने बढ़ाया कोटेदारों का लाभांश

सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों का लगातार ध्यान रख रही है। लाभांश बढ़ने से कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भवन संचालक नाम दिए जाने से कोटेदारों का सम्मान भी बढ़ा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि लाभांश में वृद्धि कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ मनोबल भी बढ़ेगा।

1,486 कोटेदारों को मिलेगा सीधा फायदा

जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी ने कहा कि लाभांश में बढ़ोतरी उचित दर विक्रेताओं के परिश्रम का सम्मान है। इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। लाभांश बढ़ाए जाने पर कोटेदार संगठन के जिलाध्यक्ष करनपाल सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ लाभांश आर्थिक राहत देगा, जबकि अन्नपूर्णा भवन संचालक की नई पहचान से कोटेदारों की प्रतिष्ठा और सम्मान बढ़ेगा।


ये भी पढ़े : 
Lakhimpur Kheri News: हज-2027 यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों की भर्ती, 23 अगस्त तक करें आवेदन

 

संबंधित समाचार