Shravasti News : मुकदमेबाजी से पहले बातचीत से सुलझ रहे गांवों के झगड़े, 232 में 175 विवादों का समाधान

Amrit Vichar Network
On

‘संवाद से समाधान’ अभियान में भिनगा, इकौना और जमुनहा के 125 गांव शामिल

श्रावस्ती में ‘वाद-मुक्त देवीपाटन अभियान’ के तहत ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। भिनगा, इकौना और जमुनहा के 125 गांवों में चिन्हित 232 मध्यस्थता योग्य विवादों में से 175 का समाधान कराया जा चुका है।

श्रावस्ती, अमृत विचार : वाद-मुक्त देवीपाटन अभियान के तहत चलाए जा रहे “संवाद से समाधान”कार्यक्रम को श्रावस्ती में गति मिल रही है। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशन में ग्रामस्तर पर छोटे-छोटे विवादों को आपसी संवाद, मध्यस्थता और सहमति के आधार पर निस्तारित करने की चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य अनावश्यक मुकदमेबाजी को रोकते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और शांति का वातावरण मजबूत करना है।

अभियान के तहत पारिवारिक विवाद, खेत की मेड़ व भूमि विवाद, रास्ते व सीमा विवाद, जल बंटवारा, संपत्ति बंटवारा, पेड़ काटने, चोरी सहित अन्य छोटे स्थानीय विवादों को चिन्हित किया गया है। प्रथम चरण में भिनगा, इकौना व जमुनहा तहसीलों के 125 लक्षित गांवों को शामिल किया गया। 20 से 26 जुलाई तक गांवों में सर्वेक्षण एवं मामलों का सूचीकरण किया गया।

01

इसके बाद ग्राम स्तर पर पैनल गठित कर मध्यस्थता योग्य मामलों के समाधान की प्रक्रिया शुरू हुई। तीन से नौ अगस्त तक प्रथम सत्र में मामलों के निस्तारण की कार्रवाई हुई, जबकि 10 से 16 अगस्त तक शेष मामलों के समाधान का लक्ष्य रखा गया। अभियान के तहत मध्यस्थता योग्य 232 मामलों में अब तक 175 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। तहसीलवार भिनगा में 74 में 34, इकौना में 56 में 43 तथा जमुनहा में 102 में 98 मामलों का समाधान हुआ है।

गांवों में बढ़ेगा भरोसा और भाईचारा

डीएम ने अधिकारियों व राजस्व टीमों को शेष मामलों में संबंधित पक्षों से निरंतर संवाद स्थापित कर सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि “संवाद से समाधान” का उद्देश्य केवल विवाद निपटाना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के बीच विश्वास और भाईचारा मजबूत कर गांवों को अधिक शांतिपूर्ण एवं विवाद-मुक्त बनाना है।

यह भी पढ़ेंः-Shravasti Flood : नेपाल की बारिश से उफनाई राप्ती, खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा पानी; किनारों पर कटान शुरू

संबंधित समाचार