Auraiya News : घर में हुई कहासुनी, फिर अचानक लापता हुआ युवक... खेत किनारे पेड़ पर मिला शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
औरैया के बिधूना क्षेत्र में सोमवार को घर में कहासुनी के बाद लापता हुए 30 वर्षीय युवक योगेश त्रिवेदी का शव मंगलवार सुबह खेत किनारे पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
औरैया, अमृत विचार। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के चंदरपुर मोहल्ले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 30 वर्षीय युवक का शव खेत के किनारे पेड़ की डाल पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला संदिग्ध होने पर फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
घर में कहासुनी के बाद सोमवार से लापता था युवक
चंदरपुर निवासी योगेश त्रिवेदी (30) पुत्र अनिल त्रिवेदी की सोमवार को घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह नाराज होकर घर से चले गए। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने योगेश का शव खेत के किनारे पेड़ की डाल से फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
