Bahraich News : वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, कई दिनों से मचा रहा था आतंक
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएग
बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की सुजौली रेंज के त्रिलोकीगौढ़ी गांव में वन विभाग के लगाए पिंजरे में चार वर्षीय नर तेंदुआ कैद हुआ। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
मिहींपुरवा/बहराइच, अमृत विचार। बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में स्थित त्रिलोकीगौढ़ी ग्राम में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में मंगलवार की देर रात करीब दो बजे एक तेंदुआ कैद हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार की सुबह वन विभाग की टीम उसे रेंज कार्यालय लेकर आई है।
बीते कुछ दिनों से इलाके में तेंदुए द्वारा मवेशियों एवं बकरियों का शिकार किए जाने तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में उसकी आवाजाही की लगातार सूचनाएं मिलने के बाद ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना को कम करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाया गया था। मंगलवार देर रात तेंदुआ बिना किसी अप्रिय घटना के सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद हो गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा
प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि कैद हुए नर तेंदुए की उम्र करीब चार वर्ष है। पशु चिकित्सकों की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद तेंदुए को उसके प्राकृतिक प्रवास में छोड़ने की कार्यवाही की जा रही है। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल निकटतम वन कार्यालय को सूचित करने की अपील की है।
