Barabanki News : हाईवे पर 'ढाबा गैंग' का खेल बेनकाब, बसों को जबरन ढाबे पर ले जाने का आरोप; पुलिस ने 6 लोगों को पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी में हाईवे पर सक्रिय कथित 'ढाबा गैंग' का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार बसों को जबरन एक ढाबे पर ले जाकर यात्रियों से खरीदारी करवाते थे। मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी-गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबी दूरी की बसों को कथित तौर पर जबरन एक ढाबे पर रुकवाने वाले गैंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोग बस चालकों का पीछा कर उन्हें धमकाते थे और बस को वापस आरएन ढाबा ले जाने के लिए मजबूर करते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।

बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में हाईवे पर चल रही कथित दबंगई का पुलिस ने खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार, जरवल से निकलकर सरयू नदी का पुल पार कर चुकी लंबी दूरी की बसों का स्कॉर्पियो सवार लोग पीछा करते थे। आरोप है कि वे बस के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लेते थे और चालक पर दबाव बनाते थे कि बस को वापस मोड़कर आरएन ढाबा पर ले जाया जाए।

बस चालकों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जाती थी। इस वजह से कई चालक दहशत में रहते थे और मजबूरी में बसों को ढाबे पर ले जाते थे। सूत्रों के मुताबिक, लगातार शिकायतें मिलने के बाद बुधवार देर रात रामनगर पुलिस ने छापेमारी कर करीब आधा दर्जन स्कॉर्पियो सवार लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, कथित गैंग इतना दबंग था कि यदि कोई बस चालक बस को वापस ढाबे पर ले जाने से इनकार करता था, तो उसे आगे जाने देने से पहले कथित रूप से कुछ राशि वसूली जाती थी। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कुछ लोग मौके से भाग निकले हैं। पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि हाईवे पर बसों को कथित रूप से जबरन ढाबे पर रुकवाने की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। यदि आरोप सही पाए गए तो यह हाईवे पर यात्रियों और बस संचालकों की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें : 
Kanwar Yatra 2026 : रात 12 बजे से सहारनपुर में रूट डायवर्जन लागू, कांवड़ यात्रा के चलते करें वैकल्पिक मार्गो का इस्तेमाल

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज