UP Ration Card News: 2.35 लाख अपात्र परिवारों के राशन कार्ड होंगे निरस्त, एक सप्ताह में कार्रवाई के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

खाद्य एवं रसद विभाग ने जिला पूर्ति अधिकारियों को दिए निर्देश, सत्यापन में अपात्र पाए गए लाभार्थियों पर होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में खाद्य एवं रसद विभाग 2.35 लाख अपात्र परिवारों के राशन कार्ड निरस्त करेगा। जिला पूर्ति अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राशन कार्ड को लेकर खाद्य एवं रसद विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग जल्द ही प्रदेश के करीब 2.35 लाख अपात्र परिवारों के राशन कार्ड निरस्त करने जा रहा है। इसके लिए सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश जारी कर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है।

56.94 लाख संदिग्ध लाभार्थियों की हुई थी पहचान

अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत सरकार के इंटर मिनिस्टीरियल डेटा फॉर राइटफुल टारगेटिंग (18 KPI) के आधार पर प्रदेश में 56.94 लाख संदिग्ध लाभार्थियों की पहचान की गई थी। इनमें से अब तक 56.30 लाख लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि 63,885 लाभार्थियों का सत्यापन अभी बाकी है। वहीं, 26,021 मामलों में अंतिम मंजूरी (फ्लैगिंग और लॉक) की प्रक्रिया लंबित है।

35.37 लाख राशन कार्ड पहले ही हो चुके हैं निरस्त

विभाग की जांच में अब तक 37.72 लाख लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं। इनमें से 35.37 लाख राशन कार्ड पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं। अब शेष 2.35 लाख अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश

अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चिह्नित अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूरी कर इसकी रिपोर्ट विभाग को भेजी जाए। विभाग का कहना है कि पात्र लाभार्थियों को ही सरकारी राशन योजना का लाभ मिले, इसके लिए लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
भदोही को फिर मिलेगा संत रविदास नगर का नाम, महापुरुषों को सम्मान देने की पहल

संबंधित समाचार