Kedarnath Yatra : भूस्खलन से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड के पास रोकी गई यात्रियों की आवाजाही
भारी मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता हुआ बाधित, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड के पास भारी भूस्खलन से पैदल रास्ता बंद हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही रोककर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के बीच गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे भारी मलबा और बोल्डर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल पैदल यात्रा रोक दी है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
मलबा हटाने का काम जारी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभागों और राहत-बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। मार्ग से मलबा हटाने और रास्ता दोबारा खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है।
बारिश के कारण राहत कार्य में परेशानी
अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है और पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। इसके चलते मार्ग बहाली के काम में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और बिना अनुमति के आगे बढ़ने की कोशिश न करें।
सुरक्षा जांच के बाद ही शुरू होगी यात्रा
प्रशासन ने यात्रियों से पुलिस और जिला प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही केदारनाथ पैदल यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
Uttarakhand: भारी बारिश से उत्तरकाशी और टिहरी में जनजीवन प्रभावित; कई सड़कें बंद
