भोजीपुरा में दिन-दहाड़े हत्या : मॉर्निंग वॉक पर निकले सियाराम को चाकुओं से गोदकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली के भोजीपुरा में जमीनी विवाद में खूनी खेल, दुकानदार को धारदार हथियार से काटा

बरेली के धौरा टांडा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले 60 वर्षीय सियाराम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मकान और जमीन विवाद को लेकर पूर्व किरायेदार पर हत्या का शक है। पुलिस जांच में जुटी है। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।

बरेली, अमृत विचार। बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में शुक्रवार को दिन-दहाड़े हत्याकांड सामने आया है। मॉर्निंग वॉक पर निकले सियाराम की धारदार हथियार से हमला करके, हत्या कर दी गई। शव सड़क किनारे फेंककर हत्यारे फरार हो गए। खून से लथपथ शव देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। हत्याकांड की खबर लगते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। 

घटनाक्रम धौराटांडा गांव का है। वार्ड एक में सियाराम रहते थे। रोजाना की तरह शुक्रवार की भोर में वह टहलने के लिए निकले। बसुपुरा और बीबीपुर गांव के बीच में उनकी हत्या कर दी गई। इस घटना ने धौराटांडा से लेकर बीबीपुर, बसुपुरा और आस-पास के गांवों में सनसनी फैला दी है। हत्याकांड की खबर लगते ही ग्रामीण घटनास्थल पर जुटने लगे। भारी भीड़ के बीच परिवार भी पहुंच गया। चीख-पुकार मची रही। अफरा-तफरी के बीच पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के बेटे ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उसका आरोप है कि हत्यारोपी युवक उनके मकान में किराये पर रहता था। हालांकि बाद में जमीन और मकान को लेकर उससे विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के कारण उसने पिता की हत्या की है। 

पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुट गई है। सियाराम के शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे निशान मिले हैं। सिर पर भी चोट के निशान हैं। माना जा रहा है कि पहले उनके सिर पर हमला किया गया और बाद में ताबड़तोड़ चाकुओं से प्रहार करके मौत के घाट उतार दिया। 

इस हत्याकांड ने भोजीपुरा इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सियाराम की उम्र 60 वर्ष के आसपास थी। वह रोजाना टहलने जाते थे। शुक्रवार को भी आम दिनों की तरह वह घर से निकले और यहां उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया है।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : बोगस फर्मों से 1.18 अरब के जीएसटी घोटाले का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार