Sitapur News : जर्जर सड़क पर लोगों ने की धान की रोपाई, जलभराव के विरोध में अनोखा प्रदर्शन, देखें वीडियो
तंबौर की आदर्श नगर पंचायत अहमदाबाद में अनोखा विरोध, सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
सीतापुर के तंबौर स्थित आदर्श नगर पंचायत अहमदाबाद में जर्जर सड़क और जलभराव से नाराज लोगों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क निर्माण और जलनिकासी की मांग की तथा जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
तंबौर (सीतापुर) अमृत विचार। आदर्श नगर पंचायत अहमदाबाद के वार्ड अहमदाबाद पूर्वी में लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से त्रस्त मोहल्लेवासियों का गुस्सा शनिवार सुबह फूट पड़ा। प्रशासन की उदासीनता से नाराज लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए जलमग्न सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है। बारिश होते ही यह पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो जाता है। जलभराव के चलते स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।
ज्ञापन के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को लिखित ज्ञापन देकर सड़क निर्माण और जलनिकासी दुरुस्त करने की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन की इसी चुप्पी से नाराज होकर मोहल्ले के युवाओं और बुजुर्गों ने सड़क पर जमा कीचड़ और पानी के बीच धान रोपकर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन में आकिब अंसारी, अतहर अंसारी, रिजवान, सोनू, इरफान, इमरान, मंसूर अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
