Sultanpur News : दूध बेचकर लौट रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, पारिवारिक रंजिश में देवरानी समेत तीन पर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

चांदा कोतवाली क्षेत्र के बरनी गांव की वारदात, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ा परिवार

सुलतानपुर अमृत विचार: चांदा कोतवाली क्षेत्र के बरनी गांव में शुक्रवार देर रात दूध बेचकर घर लौट रहे 65 वर्षीय दूध व्यवसायी रमापति तिवारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की बड़ी बहू ममता तिवारी ने हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तीन दिन पहले रमापति तिवारी का उनकी देवरानी शशि तथा उसके दोनों बेटों शुभम और सुधांशु से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश में तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

ममता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा।बताया गया कि रमापति तिवारी रोज की तरह चांदा बाजार में दूध बेचने गए थे और देर रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे। गांव के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

एडिशनल एसपी बृज नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के बड़ी बहू की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

संबंधित समाचार