Birthday Surprise .... प्रियंका चोपड़ा का 'वाराणसी' से दमदार फर्स्ट लुक, एस.एस. राजामौली ने किया रिवील

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। फिल्म निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के 44वें जन्मदिन के मौके पर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' से उनके किरदार का पहला लुक जारी किया।

इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 7 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

राजामौली ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियंका चोपड़ा का फर्स्ट लुक पोस्टर साझा किया। पोस्टर में प्रियंका 'मंदाकिनी' के किरदार में काले परिधानों में नजर आ रही हैं। पोस्टर के साथ राजामौली ने लिखा, "मुस्कराने पर शालीनता... और न मुस्कराने पर आग। 'मंदाकिनी'..." इसके अलावा उन्होंने फिल्म के सेट से प्रियंका की एक और तस्वीर भी साझा की।

फिल्म 'वाराणसी' की कहानी 512 ईस्वी के एक ऐसे समुदाय के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसके पास एक प्राचीन रहस्य है जो दुनिया को बचाने की क्षमता रखता है। कहानी के अनुसार, वर्ष 2027 में 'शंभवी' नामक एक क्षुद्रग्रह पृथ्वी से टकराता है, जिससे व्यापक तबाही मच जाती है और इसके बाद घटनाक्रम आगे बढ़ता है।

फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार एम.एम. कीरवाणी ने तैयार किया है, जिन्हें राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' के गीत 'नाटू नाटू' के लिए अकादमी पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म का निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले किया जा रहा है।


ये भी पढ़ें : 
Birthday Spacial : बरेली की गलियों से ग्लोबल स्टारडम तक पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा, जानिए उनकी कामयाबी की कहानी

 

संबंधित समाचार