Birthday Spacial : बरेली की गलियों से ग्लोबल स्टारडम तक पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा, जानिए उनकी कामयाबी की कहानी
मुंबई। छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपनों को सच करने की कहानी अगर किसी ने लिखी है तो उनमें बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का नाम सबसे ऊपर आता है। उत्तर प्रदेश के बरेली से अपनी शुरुआती पढ़ाई करने वाली प्रियंका ने अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और मेहनत के दम पर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाई है।
आज वह सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि एक ग्लोबल आइकन के रूप में जानी जाती हैं। 18 जुलाई 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में जन्मी प्रियंका चोपड़ा का बचपन कई शहरों में बीता। उनके माता-पिता भारतीय सेना में डॉक्टर थे, इसलिए परिवार के साथ उन्हें अलग-अलग जगहों पर रहने का मौका मिला। उनकी शुरुआती शिक्षा बरेली में हुई, जहां से उनके सपनों की उड़ान शुरू हुई।
मिस वर्ल्ड का ताज पहनकर बदली जिंदगी
9.jpg)
प्रियंका चोपड़ा ने साल 2000 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और दुनिया की सबसे खूबसूरत महिलाओं में अपना नाम दर्ज कराया। मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका के लिए फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे खुल गए और उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा।
11.jpg)
तमिल फिल्म से शुरू हुआ सफर, बॉलीवुड में बनाई जगह
प्रियंका ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2002 में तमिल फिल्म 'थमिझन' से की। इसके बाद साल 2003 में उन्होंने हिंदी सिनेमा में फिल्म 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' से एंट्री की। फिल्म 'अंदाज' ने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई। अक्षय कुमार और लारा दत्ता के साथ आई इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड मिला। इसके बाद प्रियंका ने 'मुझसे शादी करोगी', 'ऐतराज', 'डॉन', 'कृष' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखाया।
'ऐतराज' और 'फैशन' ने साबित की अभिनय क्षमता
प्रियंका चोपड़ा के करियर में फिल्म 'ऐतराज' बेहद खास रही। इसमें उन्होंने नकारात्मक किरदार निभाकर साबित किया कि वह सिर्फ ग्लैमरस भूमिकाओं तक सीमित नहीं हैं। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड मिला। वहीं साल 2008 में आई फिल्म 'फैशन' ने उन्हें अभिनय के शिखर पर पहुंचा दिया। फैशन इंडस्ट्री की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में प्रियंका ने मेघना माथुर का किरदार निभाया, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।
12 किरदार निभाकर चौंकाया दर्शकों को
साल 2009 में आई फिल्म 'व्हाट्स योर राशि?' में प्रियंका चोपड़ा ने एक अनोखा प्रयोग किया। उन्होंने इस फिल्म में 12 अलग-अलग किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। अपने दो दशक से ज्यादा लंबे करियर में प्रियंका ने करीब 50 फिल्मों में काम किया है और हर दौर में खुद को साबित किया है।
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक पहुंचा नाम
11.jpg)
प्रियंका चोपड़ा ने सिर्फ भारतीय सिनेमा तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने हॉलीवुड फिल्म 'बेवॉच' में काम किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा वह हॉलीवुड सीरीज और कई वैश्विक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रही हैं। अभिनय के अलावा प्रियंका गायन, फिल्म निर्माण और सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रही हैं। उनकी प्रोडक्शन कंपनी ने कई क्षेत्रीय फिल्मों को बढ़ावा दिया है।
10.jpg)
निक जोनास से शादी, परिवार और नई पारी
11.jpg)
साल 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी गायक और अभिनेता निक जोनास से शादी की। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम मालती मैरी चोपड़ा जोनास है।आज प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों जगह सक्रिय हैं। बरेली से शुरू हुआ उनका सफर अब पूरी दुनिया में भारतीय प्रतिभा और मेहनत की पहचान बन चुका है।
