Hardoi News : पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने की सुसाइड ! घर में फंदा लगाकर दी जान
कछौना कोतवाली के अम्बेडकर नगर कस्बा बालामऊ का मामला
हरदोई के बालामऊ कस्बे में 26 वर्षीय युवक दिलीप कुमार ने घर के अंदर फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, वह पॉक्सो एक्ट के मामले में 14 महीने जेल में रह चुका था और हाल की कोर्ट पेशी के बाद तनाव में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी ने कथित तौर पर घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर के अंदर फंदे से लटकता मिला शव
घटना कछौना कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकर नगर मोहल्ला, बालामऊ कस्बा की है। यहां रहने वाले दिलीप कुमार (26) पुत्र सुरेश कुमार का शव शुक्रवार रात घर के अंदर छत के जाल में चादर के सहारे लटका मिला।
पिता ने कहा- कई दिनों से तनाव में था बेटा
मृतक के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दिलीप काफी तनाव में था। देर शाम घर लौटने के बाद उसने खाना भी नहीं खाया। इसी दौरान वह सामान लेने के लिए घर से बाहर चले गए। लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह दूसरे रास्ते से घर के अंदर पहुंचे, जहां बेटे का शव फंदे से लटका मिला।
पॉक्सो एक्ट के मामले में रह चुका था जेल
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2024 में रिश्तेदारों ने दिलीप के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वह करीब 14 महीने जेल में रह चुका था। पिता का कहना है कि 13 जुलाई को अदालत में पेशी के बाद से वह काफी परेशान और चिड़चिड़ा रहने लगा था। उनका मानना है कि मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
पोस्टमार्टम के बाद जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
