Kanpur News: होटल के कमरे में शादीशुदा प्रेमी युगल मृत मिले, विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर के कलक्टरगंज स्थित सूर्या होटल में युवक और युवती मृत मिले। प्रारंभिक जांच में विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है।
कानपुर, अमृत विचार। कलक्टरगंज स्थित सूर्या होटल में शनिवार को एक शादीशुदा प्रेमी युगल के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलने से सनसनी फैल गई। होटल के कमरे में कई घंटों तक कोई हलचल न होने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो युवक और युवती बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को तत्काल उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों द्वारा किसी विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई गई है। कमरे से सल्फास जैसी गंध मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक, मृत महिला की पहचान उन्नाव के पुरवा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय शिवांगी के रूप में हुई है। उसकी शादी अकरमपुर निवासी धीरज तिवारी से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं।
परिजनों ने बताया कि शिवांगी इन दिनों मायके में रह रही थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह यह कहकर घर से निकली थी कि उसकी सहेली की मां अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन इसके बाद उसका परिवार से संपर्क नहीं हुआ। वहीं, मृत युवक की पहचान फतेहपुर के राधा नगर निवासी 35 वर्षीय दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिजनों को भी सूचना दे दी है।
पति-पत्नी बताकर लिया था होटल का कमरा
होटल कर्मचारियों के अनुसार, शनिवार दोपहर युवक और युवती होटल पहुंचे और खुद को पति-पत्नी बताया। आधार कार्ड देखने पर दोनों के पति-पत्नी न होने की जानकारी मिलने पर पहले कमरा देने से मना कर दिया गया। बाद में दोनों ने बालिग होने की बात कहते हुए बताया कि वे ब्वॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड हैं। इसके बाद होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा नंबर 106 आवंटित कर दिया।
करीब तीन से चार घंटे बाद कर्मचारियों ने कमरे के बाहर कोई गतिविधि न होने पर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता राजेंद्र शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह दिग्विजय सिंह को नहीं जानते थे और दोनों के बीच किस तरह का संबंध था, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र किए। टीम के अनुसार, कमरे से सल्फास जैसी गंध आ रही थी। कमरे में उल्टी के निशान और जान बचाने के प्रयास के संकेत भी मिले हैं। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों के पास विषैला पदार्थ कहां से आया।
एसीपी बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कलक्टरगंज के एसीपी आनंद कुमार ओझा ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे सूर्या होटल से सूचना मिली थी कि एक कमरे में युवक और युवती की तबीयत बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों को उर्सला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया जांच में विषैले पदार्थ के सेवन की बात सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
