Bulandshahr News : पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ पशु चोर, छह गिरफ्तार; दो चोरी की भैंसें और पिकअप बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बुलंदशहर जिले के थाना गुलावठी क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और स्वाट टीम की पशु चोरों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बुलंदशहर, अमृत विचार। जिले के थाना गुलावठी क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और स्वाट टीम की पशु चोरों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने मौके से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की दो भैंसें, एक महिंद्रा पिकअप, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है।

क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद दीपक कुमार ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ पशु चोर पशु पैठ बाजार के पास भैंसों को वाहन में लादकर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर थाना गुलावठी पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान वसीम कुरैशी निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से अदनान कुरैशी, मोसिन कुरैशी, इकराम कुरैशी, शिवकुमार जाटव और कामयाब को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक महिंद्रा पिकअप वाहन और चोरी की दो भैंसें बरामद की हैं।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं करीब एक दर्जन मुकदमे

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर पशु चोर हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी वसीम कुरैशी पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही थाना गुलावठी, अगौता और अन्य जनपदों में हुई पशु चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

संबंधित समाचार