सीतापुर में डायग्नोस्टिक सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग का छापा! खामियां मिलीं तो बंद कराया संचालन, अल्ट्रासाउंड मशीन सीज
डीएम के निर्देश के बाद सेहत महकमे ने महमूदाबाद में की कार्रवाई, कई अन्य सेंटरों के भी अभिलेख खंगाले
सीतापुर के महमूदाबाद में मरीजों के दोहन की शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच की। एवन डायग्नोस्टिक सेंटर में संबद्ध पैथोलॉजिस्ट का लाइसेंस हटने की जानकारी मिलने पर संचालन बंद कराया गया और अल्ट्रासाउंड मशीन सीज कर दी गई।
महमूदाबाद/सीतापुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश के बाद सेहत महकमे ने निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कस्बे के बिसवां रोड स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में खामियां मिलने पर उसका संचालन बंद करा दिया।
निरीक्षण के दौरान विभाग ने सेंटर में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन को भी सीज किया। इसके साथ ही कई अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों का निरीक्षण कर वहां के अभिलेख खंगाले गए। बाढ़ और कटान प्रभावित तहसील महमूदाबाद क्षेत्र में लगातार मरीजों के दोहन की शिकायतें सामने आ रहीं थी। इसको डीएम ने गंभीरता से लिया।

लाइसेंस हटने के बाद भी चल रहा था सेंटर
सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर के निर्देश के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. गंगवार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को कस्बे के एवन डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान जांच में पाया गया कि सेंटर से संबद्ध पैथोलॉजिस्ट चिकित्सक अपना लाइसेंस वहां से हटा चुके हैं। इसके बाद विभाग ने सेंटर का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए वहां लगी अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया। इसी के बाद टीम ने समाधान डायग्नोस्टिक सेंटर का भी जायजा लिया, अभिलेख खांगलने के बाद यहां टीम को सब कुछ ठीक-ठाक मिला।
अल्ट्रासाउंड संचालन के दस्तावेज भी जांचे
डिप्टी सीएमओ डॉ. गंगगवार के मुताबिक, सेंटर में संचालित जांच सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की गई है। साथ ही अल्ट्रासाउंड संचालन और संबंधित चिकित्सकों की पात्रता संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। वहीं, एक ही दिन में दो सेहत महकमे की छापेमारी के दौरान कई झोलाछाप शटर गिराकर भागते भी देखे गए।
यह भी पढ़ेंः CM योगी ने 3,572 नव चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति-पत्र, कहा- युवाओं को नई उड़ान देना सरकार की प्राथमिकता
