Shahjahanpur News: पुलिस के डर से भागे सराफा व्यापारी की छत से गिरकर मौत, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
शाहजहांपुर, अमृत विचार। निगोही के गांधीनगर मोहल्ले में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मलिहाबाद पुलिस की कार्रवाई के दौरान सराफा व्यापारी की छत से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के पकड़े जाने के डर से व्यापारी भागने लगा और इसी दौरान छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चोरी का सोना खरीदने का था आरोप
जानकारी के मुताबिक, सराफा व्यापारी उमेश गुप्ता पर वर्ष 2025 में मलिहाबाद क्षेत्र में हुई चोरी के सोने को खरीदने का आरोप था। इसी मामले में मंगलवार रात मलिहाबाद पुलिस निगोही के गांधीनगर स्थित उमेश के घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर उमेश घबरा गए और पकड़े जाने के डर से भागने लगे। इसी दौरान वह छत से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल उमेश की मौत हो गई।
पत्नी ने मलिहाबाद पुलिस पर लगाए आरोप
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मलिहाबाद पुलिस के वापस चले जाने के बाद मृतक की पत्नी संतोष कुमारी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के डर से उनके पति छत से गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। बता दें कि स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस कार्रवाई और व्यापारी की मौत को लेकर जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच के बाद साफ होगी घटना की पूरी तस्वीर
मलिहाबाद में वर्ष 2025 में हुई चोरी के मामले से जुड़े आरोपों को लेकर पुलिस निगोही पहुंची थी। छापेमारी के दौरान व्यापारी की मौत के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस और परिजनों के आरोपों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
