बरेली में अग्निवीर भर्ती रैली की तारीख तय, 14 सितंबर से शुरू होगी भर्ती; जानें पूरी जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बरेली के जाट रेजीमेंट केंद्र में 14 से 30 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली होगी। बरेली समेत 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। भर्ती को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बरेली, अमृत विचार। अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। बरेली के जाट रेजीमेंट केंद्र में 14 से 30 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली में बरेली समेत 12 जिलों के हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेना और जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई।

पारदर्शी तरीके से होगी भर्ती प्रक्रिया

बैठक में सेना अधिकारियों ने भर्ती रैली की तैयारियों की जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। सेना अधिकारियों ने पिछली भर्ती रैली की तरह इस बार भी पुलिस-प्रशासन से सहयोग मांगा। डीएम ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए लगेंगे शिक्षक

भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा रोडवेज बसों पर आर्मी भर्ती से संबंधित फ्लैक्स लगाने और अग्निशमन विभाग को सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम करेगा बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि भर्ती रैली के दौरान नगर निगम की ओर से अभ्यर्थियों के लिए बायोटॉयलेट, वाटर टैंक, सफाईकर्मी और डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। सफाई और पेयजल व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक रजनीश अइय्यर, सूबेदार मेजर अनिल कुमार, नायब सूबेदार संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी यातायात मो. अकमल खान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, डिप्टी सीएमओ, एआरएम रोडवेज समेत जिला प्रशासन और सेना के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 14 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हजारों अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसी व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ये भी पढ़े : 
बरेली के यात्रियों को बड़ी राहत, राजस्थान-गुजरात के लिए सीधी स्पेशल ट्रेन; 27 अगस्त से डेली चलेगी अमृत भारत

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार