Shravasti News: भिनगा में एक ही रात दो घरों में चोरी से हड़कंप, नकदी-जेवर और मोबाइल समेत सामान ले उड़े चोर
श्रावस्ती के भिनगा नगर के शिवाजीपुरम और राजानगर में मंगलवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। एक घर से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और तीन मोबाइल, जबकि दूसरे से करीब 13 हजार रुपये और 18 आधार कार्ड समेत सामान चोरी हुआ।
श्रावस्ती, अमृत विचार: भिनगा नगर के ही मोहल्ला शिवाजीपुरम व राजानगर में मंगलवार रात चोरों ने दो घरों से हजारों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात व मोबाइल फोन सहित अन्य सामान पार कर लिया। नगर में हुई दो चोरी की घटना से लोगों में दहशत फैल गई है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के शिवाजीपुरम निवासी सुमित गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता के घर में मंगलवार रात चोर पीछे के दरवाजे से घुस आये। यहां चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी व तीन मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह जगने पर हुई। इसी रात चोर नगर के ही मोहल्ला राजानगर निवासी गीले मनिहार के घर में घुसकर करीब 13 हजार रुपये नकद, 18 आधार कार्ड तथा अन्य सामान उठा ले गए।
पीड़ितों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरोंव संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं नगर में एक ही रात दो मोहल्लों में हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ेंः सड़क में गड्ढा या गड्ढे में ही सड़क? बारिश ने खोल दी नासिरगंज-भिनगा मार्ग की पोल, आए दिन गिर रहे राहगीर
