Bahraich News : घर में घुसा तेंदुआ, बुजुर्ग महिला पर किया हमला; ग्रामीणों में दहशत

Amrit Vichar Network
On

मिहींपुरवा के राजापुर गिरंट गांव में तड़के करीब दो बजे हुई घटना

बहराइच के मिहींपुरवा क्षेत्र में तेंदुआ घर में घुसकर सो रही 60 वर्षीय महिला पर हमला कर भाग गया। महिला को सीएचसी मिहींपुरवा में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की गई है।

बहराइच, अमृत विचार। जिले की मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के राजापुर गिरंट गांव में बुधवार तड़के एक तेंदुए ने घर में घुसकर सो रही 60 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

घर में घुसकर महिला पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के वेल्हन ग्राम सभा के महेशपुर इलाके की है। गांव निवासी जय कला (60 वर्ष), पत्नी शंकर, मंगलवार देर रात अपने घर में सो रही थीं। रात करीब दो बजे अचानक एक तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की आहट सुनते ही तेंदुआ वहां से भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।

आबादी के करीब पहुंचा तेंदुआ, ग्रामीणों में डर

घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि तेंदुआ आबादी के बेहद करीब पहुंच चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तत्काल अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

संबंधित समाचार