बरेली के यात्रियों को बड़ी राहत, राजस्थान-गुजरात के लिए सीधी स्पेशल ट्रेन; 27 अगस्त से डेली चलेगी अमृत भारत
बरेली,अमृत विचार। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने बरेली और आसपास के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लालकुआं से साबरमती के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर पर रुकेगी। इसके अलावा गोरखपुर-दिल्ली के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन को अब अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित किया जा रहा है। इससे बरेली के यात्रियों को दिल्ली और गोरखपुर के लिए भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
2 सितंबर से लालकुआं-साबरमती स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 05344 लालकुआं-साबरमती स्पेशल 2 सितंबर से प्रत्येक बुधवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05343 साबरमती-लालकुआं स्पेशल 3 सितंबर से प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के 13-13 फेरे निर्धारित किए गए हैं। ट्रेन लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे रवाना होगी। किच्छा, बहेड़ी और भोजीपुरा होते हुए यह इज्जतनगर 2:55 बजे, बरेली सिटी 3:10 से 3:15 बजे और बरेली जंक्शन 3:25 से 3:27 बजे पहुंचेगी। इसके अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचने का समय निर्धारित है। वापसी में साबरमती से चलने वाली ट्रेन बरेली जंक्शन सुबह 11:40 से 11:45 बजे, बरेली सिटी 11:55 से 12 बजे और इज्जतनगर 12:15 से 12:17 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से बरेली मंडल के यात्रियों को जयपुर, अजमेर और साबरमती समेत राजस्थान और गुजरात जाने के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
27 अगस्त से नियमित होगी अमृत भारत एक्सप्रेस
वहीं, गोरखपुर से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने सुविधा बढ़ाई है। पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेन संख्या 05057/05058 गोरखपुर-दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल को अब नियमित 15095/15096 गोरखपुर-दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का नियमित संचालन 27 अगस्त से शुरू होगा। बरेली के यात्रियों को इससे दिल्ली और गोरखपुर के बीच यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
बरेली में ये रहेगा समय
15095 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रात 10:45 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:59 बजे बरेली पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 8:01 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। वापसी में 15096 दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को दिल्ली से दोपहर 2 बजे चलेगी। यह ट्रेन शाम 7:23 बजे बरेली पहुंचेगी और 7:25 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी।
22 कोच की होगी अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, आठ शयनयान श्रेणी, एक पैंट्री कार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे। दोनों ट्रेनों के संचालन से बरेली मंडल के यात्रियों को राजस्थान, गुजरात, दिल्ली और गोरखपुर की यात्रा के लिए अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा।
