Moradabad News : तेज धूप और भीषण गर्मी में छूटे लोगों के पसीने, तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ा तापमान

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सूरज की तपिश बढ़ने से पूरे दिन गर्मी और उमस से बेचैन हुए लोग, न्यूनतम तापमान भी बढ़ने से रात में भी नहीं मिला सुकून

मुरादाबाद में सावन के महीने में चिलचिलाती धूप और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। तापमान 3 डिग्री बढ़कर 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। सावन के महीने में तेज धूप ने लोगों के पसीने निकाल दिए। सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप ने लोगों को बेचैन कर दिया। तपिश के चलते बुधवार को लोगों को मुश्किलें हुईं। पूरे दिन लोगों को एयर कंडीशनर, कूलर, पंखे चलाकर बिताना पड़ा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों बढ़ने से गर्मी बढ़ गई।

मंगलवार को जहां कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे, लेकिन बुधवार को सुबह से चटख धूप रही। दोपहर में सूरज की तपिश मानों झुलसाने पर आमादा थी। तेज धूप ने लोगों के पसीने निकाल दिए। दोपहर में घरों से निकले लोग छांव की तलाश करते रहे। प्यास बुझाकर राहत पाने के लिए लोगों ने नारियल पानी, कोल्ड ड्रिंक्स का सहारा लिया। सावन में बारिश कम होने से गर्मी और उमस बरकरार है।

बुधवार को अधिकतम तापमान मंगलवार की तुलना में तीन डिग्री बढ़कर 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 87 प्रतिशत रहा। वहीं उत्तराखंड के हरिद्वार में बारिश थमने व मैदानी इलाकों में बारिश न होने से नदियों का जलस्तर कम हो गया। रामगंगा नदी के तटवर्ती इलाकों में जलस्तर नीचे आने से पानी का दबाव कम हो गया। इससे तटीय इलाकों में रहने वालों को राहत मिली। 13 अगस्त को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और बढ़कर 35 डिग्री के पार होने का अनुमान जताया गया है।

18 अगस्त तक का अनुमानित तापमान

तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
13 अगस्त 35 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस
14 अगस्त 32 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
15 अगस्त 33 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
16 अगस्त 34 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस
17 अगस्त 31 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस
18 अगस्त 32 डिग्री सेल्सियस 24 डिग्री सेल्सियस

संबंधित समाचार