Raebareli News: पुलिस एनकाउंटर में पांच शातिर चोर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली; चोरी का सामान बरामद
रायबरेली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोर गिरफ्तार हुए। दो के पैर में गोली लगी। पुलिस ने अवैध तमंचे, कार और रायबरेली-अमेठी की चोरियों का माल बरामद किया।
रायबरेली। रायबरेली पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार और रायबरेली व अमेठी में हुई चोरियों का माल बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि 6/7 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि थाना मिल एरिया क्षेत्र के ग्राम लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और किसी अन्य स्थान पर चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना मिल एरिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त घेराबंदी की। पुलिस ने जब संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान शिवकुमार पुत्र बाबूलाल निवासी पेन्दरई, थाना महोली (सीतापुर) और बबलू पुत्र भुलई निवासी पेन्दरई, थाना महोली (सीतापुर) के रूप में हुई। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी अमावा भेजा गया है। पुलिस ने मौके से राकेश उर्फ छोटे पुत्र भुलई निवासी तेंदुआ, थाना महोली (लखीमपुर), लवकुश पुत्र हिमाचल निवासी लोनियन का पुरवा, थाना कोतवाली नगर (सीतापुर) और सागर वर्मा पुत्र रघुनंदन निवासी लालपुर सिकडिहा, थाना महोली (सीतापुर) को भी गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुआ चोरी का माल
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार और थाना मिल एरिया क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकानों में हुई चोरी के साथ-साथ थाना मोहनगंज (अमेठी) में हुई चोरी से संबंधित माल बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किन-किन अन्य चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
