Baghpat News : महंत के आवसीय परिसर से खोदकर निकाला गया दो दोस्तों का शव, हफ्तों से थे लापता, कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा

Amrit Vichar Network
On

मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बागपत के चांदीनगर क्षेत्र में 25 जुलाई से लापता दो युवकों अंकित और इसरार के शव लहचौड़ा गांव में महंत नरेश नाथ के आवासीय परिसर से बरामद हुए हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि महंत की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

बागपत, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चांदीनगर क्षेत्र में करीब तीन सप्ताह से लापता दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बुधवार को लहचौड़ा गांव में एक महंत के आवासीय परिसर में खुदाई कर अंकित (25) और इसरार (32) के शव बरामद किए। दोनों युवक 25 जुलाई से लापता थे। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे महंत की तलाश की जा रही है।

25 जुलाई को बाइक से निकले थे दोनों दोस्त

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के मुताबिक, लहचौड़ा निवासी अंकित और इसरार के लापता होने की शिकायत 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच शुरू की। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक पुराने दोस्त थे और उनके घर भी आमने-सामने हैं। इसरार के भाई फरीद ने बताया कि दोनों 25 जुलाई को मोटरसाइकिल से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 27 जुलाई की शाम से दोनों के मोबाइल फोन भी बंद हो गए थे।

महंत के परिसर में दफन मिले शव

जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर दोनों युवकों के शव स्थानीय मंदिर के महंत नरेश नाथ के आवासीय परिसर में दफन होने की जानकारी मिली। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने मौके पर खुदाई कर दोनों शव बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक शव क्षत-विक्षत हालत में थे। उनकी पहचान कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर की गई है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और हत्या के तरीके की स्थिति स्पष्ट होगी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं भी जोड़ी हैं।

दो हिरासत में, महंत की तलाश

पुलिस ने मामले में उज्ज्वल और कृष्णा यादव को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होगी।पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों की महंत नरेश नाथ से जान-पहचान थी। मुख्य आरोपी बताए जा रहे महंत की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

बहन और महंत के कथित संबंधों को लेकर विवाद का दावा

इसरार के भाई फरीद ने दावा किया कि अंकित की बहन और महंत के बीच कथित संबंधों को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, 25 जुलाई को दोनों युवक संभवत: इसी सिलसिले में महंत से बात करने के लिए उसके आवासीय परिसर गए होंगे। हालांकि, वहां उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। पुलिस अब इस दावे समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार