Budaun News : गंगा एक्सप्रेस-वे पर कुत्ता सामने आने से पलटी टैक्सी, दो महिलाओं समेत तीन की मौत
बदायूं के कुंवरगांव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर कुत्ता सामने आने से टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।
बदायूं, अमृत विचार। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के निनमा गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। चैनल नंबर 175 के पास अचानक कुत्ता सामने आने से एक टैक्सी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया।
कुत्ता सामने आते ही अनियंत्रित हुई टैक्सी
पुलिस के मुताबिक, टैक्सी में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी अलग-अलग परिवारों के सदस्य बताए जा रहे हैं। वे रुपैडिहा, नेपाल से चंडीगढ़ जा रहे थे। मंगलवार रात करीब तीन बजे निनमा के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
दो महिलाओं की मौके पर मौत, युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दीपना खात्री (32), पत्नी नेमबहादुर निवासी बेलवा, जिला डांग, नेपाल और विपना सुनमगर (32), पत्नी विशाल निवासी नेपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 22 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों शवों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजीरगंज में रखवाया गया। बाद में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टैक्सी में नौ लोग थे सवार
पुलिस के अनुसार टैक्सी में चालक दीपक ओली (28) के अलावा पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), विनोद (करीब 2 वर्ष), सिमोन (करीब 10 वर्ष), दीपना खात्री, विपना सुनमगर और एक अज्ञात पुरुष सवार था। हादसे में घायल छह लोगों को जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टैक्सी को निनमा के पास स्थित रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया है। थानाध्यक्ष कुंवरगांव राजेश कौशिक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
