Sambhal News : 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भाजपा की विशाल तिरंगा यात्रा, मंत्री गुलाब देवी ने की शिरकत
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजे रास्ते, राज्यमंत्री गुलाब देवी पहले बाइक से फिर पैदल शामिल हुईं
संभल में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भाजपा ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। राज्यमंत्री गुलाब देवी इसमें शामिल हुईं और बुलडोजरों से पुष्पवर्षा की गई।
संभल, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित ''हर घर तिरंगा'' अभियान के तहत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पांच बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शाम करीब चार बजे कोतवाली क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित कुरुक्षेत्र तीर्थ मंदिर से हुआ। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई करीब चार किलोमीटर का सफर तय कर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह पार्क पहुंची, जहां शाम करीब 5:15 बजे इसका समापन हुआ। यात्रा में उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी भी शामिल हुईं। उन्होंने शुरुआत में करीब आधा किलोमीटर तक बाइक पर सवार होकर यात्रा में भाग लिया, लेकिन कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनसैलाब को देखते हुए बाइक से उतरकर पदयात्रा शुरू कर दी।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि पूरे देश में युवाओं के भीतर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सदन में वंदे मातरम् को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है, सदन की कार्यवाही अपने निर्धारित नियमों के अनुसार चलती है। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से लोगों को परिचित कराना है। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया, जबकि पांच बुलडोजरों से की गई पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मंजू दिलेर, पूर्व एमएलसी चंद्रपाल सिंह पप्पू चौधरी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री साध्वी गीता प्रधान, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू, राखी सिरोही, शिल्पी गुप्ता, परमेश्वर लाल सैनी, मुकुल रस्तोगी, आलोक भारती, शोभित गुप्ता, गणेश शर्मा, सय्यद शान अली मौजूद रहे।
