Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में कच्ची शराब बेचने के विरोध पर प्रधान पति ने युवक को पीटकर मार डाला!

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

ग्राम प्रधान पति की चाची पर है गांव में सरेआम कच्ची शराब बिक्री का धंधा चलाने का आरोप 

तिलहर के शाहवेगपुर गांव में ग्राम प्रधान पति की चाची पर कच्ची शराब बेचने का आरोप है। मृतक युवक विरोध करता था। कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान पति ने गुरुवार शाम युवक को अपने घर बुलाकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मेडिकल कालेज में युवक के परिजनों ने हंगामा किया।

अमृत विचार : शाहजहांपुर में कच्ची शराब के धंधे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। युवक को बचाने आए तीन अन्य लोगों को भी लहूलहुान कर दिया। आरोप है कि प्रधान पति की चाची गांव में कच्ची शराब बेचती थीं। युवक उसका विरोध करता था। कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान पति ने गुरुवार शाम युवक को अपने घर बुलाकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मेडिकल कालेज में युवक के परिजनों ने हंगामा किया। मृतक के भाई सोनपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शाहवेगपुर गांव में शराब बिक्री 

घटनाक्रम तिलहर कोतवाली क्षेत्र का है। शाहवेगपुर गांव में सुरेंद्र वर्मा (35 वर्ष) का घर है।  उनके पड़ोस में ही प्रधान पति की चाची खुलेआम कच्ची शराब बेचती हैं। दिनभर शराबियों का जमावड़ा रहता है। लड़ाई-झगड़ा आम है। सुरेंद्र वर्मा शराब बिक्री का विरोध करते थे। 

नगरिया पुलिस से करते रहे शिकायत 

उन्होंने कई बार तिलहर की नगरिया पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत भी की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। गुरुवार शाम को भी विवाद हुआ था। इसके बाद प्रधान पति ने सुरेंद्र को अपने घर पर बुलाया। बातचीत के दौरान बहस हो गई। आरोप है कि तभी प्रधान पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। शोर मचने पर सुरेंद्र को बचाने के लिए परिवार के तीन और लोग आए, उन्हें भी पीटा गया।

मेडिकल कॉलेज में हंगामा 

पुलिस सुरेंद्र और तीन अन्य घायलों को मेडिकल कालेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुरेंद्र के परिजनों ने मेडिकल कालेज में हंगामा काटा। कहा कि चौकी की पुलिस प्रधान पति की चाची से रुपया लेती थी। इसी कारण पुलिस ने कभी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। 


आठ के खिलाफ केस दर्ज

सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि सुरेंद्र को बुलाकर प्रधान पति ने पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि सीओ ने हत्या का कारण प्रधानी के चुनाव की रंजिश को बताया है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।


घटना के बाद गांव में सन्नाटा

सुरेंद्र हत्याकांड से गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उधर, मृतक के परिवार वाले बिलख रहे हैं और स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। 

 

इसे भी पढ़ें-बरेली में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने वाला दूसरा आरोपी भी मुठभेड़ में गिरफ्तार 

 

संबंधित समाचार