Amethi News: तालाब में फिसला पैर, गहरे पानी में समा गया 32 साल का युवक; सुबह मिला शव
परिवार में मचा कोहराम
अमेठी के जायस थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम शौच के लिए निकले युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। देर रात तलाश के बाद बुधवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने शव बरामद किया।
अमेठी, अमृत विचार l जिले के जायस थाना क्षेत्र के पूरे हकीम वार्ड नंबर दो स्थित ईशा के तालाब में मंगलवार शाम डूबे युवक का शव बुधवार की सुबह बरामद कर लिया गया। युवक घर से शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान तालाब के पास अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे पूरे हकीम निवासी मुकेश कुमार (32) पुत्र प्यारेलाल घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान ईशा के तालाब के पास उनका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरे। युवक के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी।
देर शाम तक पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रात अधिक होने के कारण पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश अभियान रोक दिया। इसके बाद बुधवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों और पुलिस ने तालाब में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद शव को तालाब से बाहर निकाल लिया गया।शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जायस को थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश कुमार (32) पुत्र प्यारेलाल निवासी पूरे हकीम वार्ड नंबर दो, थाना जायस के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः बारिश बनी काल! कच्चा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत; दो बकरियों ने भी तोड़ा दम
