Bareilly News : रामगंगा पार करते हुए युवक डूबा, पीएसी गोताखोर तलाश में जुटे

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम कूप की घटना 

रामपुर के मिलक क्षेत्र में रामगंगा नदी पार करते समय 19 वर्षीय युवक तेज बहाव में डूब गया। मुरादाबाद पीएसी की टीम युवक की तलाश कर रही है।

मिलक, अमृत विचार। कोतवाली मिलक क्षेत्र के ग्राम कूप के पास बुधवार दोपहर रामगंगा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक डूब गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। स्थानीय गोताखोरों की तलाश के बाद प्रशासन ने मुरादाबाद से पीएसी के बाढ़ राहत दल के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया। देर शाम तक नदी में युवक की तलाश जारी रही।

मिलक क्षेत्र के ग्राम कूप निवासी ओमकार उर्फ छोटू (19) पुत्र श्यामवीर बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे अपने बड़े भाई ओमवीर के साथ मवेशी चराने के लिए गांव के पास रामगंगा नदी पार कर रहा था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में ओमकार संतुलन खो बैठा और पानी में बहने लगा। भाई को डूबता देख ओमवीर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। बताया गया कि नदी के किनारे गांव के कुछ लोग दशमा संस्कार का कार्य कर रहे थे। उन्होंने भी युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन रामगंगा के तेज बहाव के कारण ओमकार देखते ही देखते पानी में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही मिलक पुलिस मौके पर पहुंची। उपजिलाधिकारी शाहाबाद, तहसीलदार शाहाबाद और क्षेत्रीय लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों ने संभाला मोर्चायुवक का पता न चलने पर उपजिलाधिकारी के निर्देश पर मुरादाबाद से पीएसी के बाढ़ राहत दल के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया। जल पुलिस के गोताखोर नाव की मदद से नदी में संभावित स्थानों पर युवक की तलाश कर रहे हैं। नदी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने किनारे पर निगरानी भी बढ़ा दी है। देर शाम तक ओमकार का कोई सुराग नहीं मिल सका था। युवक के नदी में डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें - Rampur News : सपा महासचिव शिवपाल यादव ने जेल में की आजम खान से मुलाकात, जौहर विवि भी पहुंचे

संबंधित समाचार