Prayagraj Triple Murder : तीन हत्याओं का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस की गोली से दोनों पैरों में हुआ घायल
आरोपी से तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद
प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में दो महिलाओं और एक पुरुष की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ीकला मोहल्ले में दो महिलाओं और एक पुरुष की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को गुरुवार सुबह करीब पांच बजे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूक-बधिर है, इसलिए उसकी पहचान की औपचारिक प्रक्रिया जारी है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में हत्या के आरोपों के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शाहगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वैभव सिंह, एयरपोर्ट थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश उपाध्याय, एसओजी नगर प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज सिंह तथा उनकी संयुक्त पुलिस टीमें शामिल रहीं। उल्लेखनीय है कि शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ीकला मोहल्ले में दो महिलाओं और एक पुरुष की हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
