Lucknow News: कल से राजाजीपुरम-बीबीडी रूट पर दौड़ेंगी 15 एसी ई-बसें, सिर्फ 45 रुपए में पूरा सफर
1 अगस्त से शुरू होगी नई इलेक्ट्रिक बस सेवा, 12 स्टॉप पर मिलेगा ठहराव; छात्रों और नौकरीपेशा यात्रियों को बड़ी राहत
लखनऊ, अमृत विचारः बीबीडी से राजाजीपुरम तक के यात्रियों के लिए शनिवार से सफर सुविधाजनक और आरामदायक होने वाला है। इस रूट पर लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट 15ई बसों का बेड़ा उतारने जा रहा है। लगभग 24 किलोमीटर की यात्रा मात्र 45 रुपये किराए में पूरी की जा सकेगी। 12 स्टापेज वाले इस रूट पर 35 से 45 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध रहेगी।
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट पहली अगस्त शनिवार से राजाजीपुरम बस स्टेशन से बीबीडी तक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस शुरू करने जा रहा है। दुबग्गा डिपो के एआरएम डीके गर्ग ने बताया कि इस नए रूट पर 15 ईबसें चलाई जाएंगी। ये बसें सुबह 7 से रात 7 बजे तक संचालित की जाएंगी। यात्रियों को 30 से 45 मिनट के अंतराल पर बस मिलेगी। पूरे रूट पर 12 जगह बस के स्टापेज बनाए गए हैं। गुरुवार को सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी विमल राजन ने रूट, किराया और समय सारणी को को स्वीकृति दे दी है। राजाजीपुरम से बीबीडी तक का किराया 45 रुपये तय किया गया है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चारबाग से बीबीडी रूट पर विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक है। दूरदराज के इलाकों से चारबाग तक आने वाले छात्रछात्राओं को ईबस से आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा। 30 से 45 मिनट में बस होने से उन्हें स्कूलकॉलेज पहुंचने में भी आसानी होगी। गर्मी के मौसम में एसी बस में सफर आरामदायक रहेगा। साथ ही ईबसों के बढ़ने से शहर में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। एआरएम गर्ग के अनुसार पहले मार्ग संख्या 7 मेट्रो रूट के समानांतर होने और सवारी कम होने के कारण बंद कर दिया गया था। नए सिरे से तैयार इस रूट से करीब 3 हजार से ज्यादा यात्रियों को रोजाना फायदा मिलने की उम्मीद है। रोडवेज का मानना है कि किफायती किराया और नियमित समय पर सेवा मिलने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
स्टॉपवार किराया इस प्रकार है:
- चारबाग – ₹15
- जीपीओ – ₹20
- जवाहर भवन – ₹20
- सिकंदरबाग – ₹20
- बालू अड्डा – ₹25
- लोहिया पार्क – ₹30
- बीबीडी एकेडमी – ₹30
- दयाल पैराडाइज – ₹35
- पत्रकारपुरम – ₹35
- गोमतीनगर हैनीमैन – ₹40
- कठौता झील – ₹40
- मटियारी तिराहा – ₹45
- बीबीडी कॉलेज – ₹45
