लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं पर एफआईआर : भैंसों के नीलामी में बवाल का लगा है आरोप
लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नगर निगम में 243 भैंसों की नीलामी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एफआईआर तक पहुंच गया है। राजधानी लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। आरोप है कि सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में करीब 243 भैंसों की नीलामी के दौरान सड़क जाम कर हंगामा किया था। साथ ही पुलिस से धक्का- मुक्की करने का भी आरोप लगा है।
दरअसल, पूरा मामला नगर निगम में हुई भैंसों की नीलामी से जुड़ा हुआ है। पुलिस की मानें तो 24 अगस्त यानी सोमवार को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में भैंसों की निलामी चल रही थी। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के अनीस रजा समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और निलामी प्रक्रिया को ही रोकने की कोशिश की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और सड़क जाम भी किया। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने एसीपी हजरतगंज समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन और सड़क जाम की वजह से आम जनता को भी समस्या का सामना करना पड़ा। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और एफआईआर में नामजद लोगों के साथ ही 60 अज्ञात लोगों की भूमिका की जानकारी की जा रही है।
इन लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर
समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस रजा समेत करीब 11 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, उनमें अनीस रजा के अलावा सलीम, राजेश पांडेय उर्फ बिल्लू, अतुल यादव, तुषार श्रीवास्तव, कुलदीप पासवान, रोहित यादव, बावी धानुक, अबुल हाजिम, सुजीत और विवेक सिंह का नाम शामिल है।
