Moradabad News : RTO में भ्रष्टाचार के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल, 7 दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम
आरटीओ के आरोपों की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर धरना समाप्त
मुरादाबाद आरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकियू ने धरना दिया। आरटीओ द्वारा 7 दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
मुरादाबाद, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश महासचिव डॉ. चरण सिंह के नेतृत्व में संभागीय परिवहन कार्यालय पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है। किसानों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। धरनारत किसानों के बीच पहुंचे आरटीओ ने मांगों को सात दिन के भीतर पूरा करने और रिश्वत के आरोपी कर्मचारी पर कार्रवाई और प्राइवेट कर्मचारियों को विभाग से दूर करने के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
यूनियन के प्रदेश महासचिव डॉ. चरण सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मंगलवार को संभागीय परिवहन अधिकारी के कार्यालय पर भ्रष्टाचार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष मनोज चौधरी सैकड़ों किसानों के साथ धरने में शामिल हुए। किसानों ने बताया कि संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह को 18 अगस्त को ज्ञापन देकर विभाग में भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग की गई थी। कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी।
धरनारत किसान नेताओं के बीच संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह पहुंचे। जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा ने आरटीओ राजेश सिंह के सामने अपनी परेशानी और मांगें रखीं। आरोप लगाया कि कार्यालय के कर्मचारियों के द्वारा वाहन में जीपीएस अनुमोदन, ट्रकों के साइन और पास कराने सहित अन्य कार्यों के लिए मनमानी कर रुपये की मांग की जाती है। आरोप है कि पैसे लेकर भी भुगतान की रसीद नहीं दी गई। ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर रुपये वसूलने का आरोप लगाकर इसे बंद कराने की मांग की। यूनियन के नेताओं ने कहा कि पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन करना पड़ा।
संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह ने किसानों की सभी मांगों पर सहमति जताई और सात दिन के भीतर विभाग की कार्यशैली में बदलाव का भरोसा दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष श्याम विजय सिंह, मंडल सचिव राज बहादुर सिंह, तहसील अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह चौहान, विनीत कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, गुफरान पाशा, शमी पाशा, शेर सिंह, नेमपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह, भानु यादव, मोहर सिंह, बृजेश सिंह ,राजवीर सिंह, चंद्रपाल सिंह मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Sambhal News : संदिग्ध परिस्थितियों में 9 माह की गर्भवती की मौत, हत्या का आरोप
