Sambhal News : संदिग्ध परिस्थितियों में 9 माह की गर्भवती की मौत, हत्या का आरोप
मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप, किया हंगामा
संभल के रजपुरा में 9 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया है।
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिंघौला दौलत सिंह में मंगलवार सुबह नौ माह की गर्भवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी चाचा चंद्रपाल ने बताया कि तीन वर्ष पहले रेखा की शादी सिंघौला दौलत सिंह निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और देवर दहेज में कम सामान लाने को लेकर रेखा को प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। दो माह पहले उसे निकाल दिया गया था। तब से वह मायके में थी। सोमवार शाम पति धर्मेंद्र और सास समझाकर ससुराल ले गए थे। आरोप है कि रात में रेखा के साथ फिर मारपीट की गई और मंगलवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटने से गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक, बलिया गांव की 45 वर्षीय महिला पर हमला, चारा काटते समय उतारा मौत के घाट
