मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक, बलिया गांव की 45 वर्षीय महिला पर हमला, चारा काटते समय उतारा मौत के घाट
मुरादाबाद, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा पुलिस चौकी सुरजन नगर क्षेत्र के गांव बलिया में आदमखोर तेंदुए ने धान के खेत में घास निकालते समय 45 वर्षीय मिथलेश देवी पत्नी बृजपाल सिंह सैनी पर हमला कर दिया। मात्र 10 फीट की दूरी पर उसका पति बृजपाल सिंह, भाई दीवान सिंह, उसका बेटा जॉनी, नन्हें सिंह, दिनेश सिंह, गीता देवी ने शोर मचाते हुए लाठी डंडों से तेंदुआ के चंगुल से छुड़ाया। लेकिन जब तक वह लोग घायल मिथलेश देवी को घर तक लेकर पहुंचे उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी वेद प्रकाश पांडे, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष प्रताप सिंह, तहसीलदार विजय श्रीवास्तव, डीएफओ डॉक्टर विनय कुमार, वन क्षेत्राधिकारी रवि कुमार आदि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 25 अगस्त मंगलवार की सुबह 10:30 बजे तेंदुए के हमले में मिथलेश देवी की मौत से गांव के लोगों में जबरदस्त नाराजगी है।
क्योंकि इसी बलिया गांव में 18 अगस्त को विरमो देवी पर हमला कर आदमखोर तेंदुए ने मौत के घाट उतार दिया था। इसके पहले ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में तीन अगस्त को 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लालापुर पीपलसाना निवासी संतोष देवी पर आदमखोर तेंदुआ ने हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी।
