मुरादाबाद की नई कमिश्नर बनीं संगीता सिंह, कार्यभार संभालते ही लिया बड़ा एक्शन
शासन की नीतियों पर चलकर विकास योजनाओं को पारदर्शिता से लागू कराने को बताई प्राथमिकता
मुरादाबाद, अमृत विचार। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संगीता सिंह ने मंगलवार दोपहर बाद मुरादाबाद के मंडलायुक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने शासन की नीतियों पर चलकर विकास योजनाओं को पारदर्शिता से लागू कराने को अपनी प्राथमिकता बताई। जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने उनसे मुलाकात कर स्वागत किया। मुरादाबाद से पहले संगीता सिंह अलीगढ़ में मंडलायुक्त पद पर तैनात थीं।

यूपी में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया था। राज्य सरकार ने 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की थी। इस बदलाव में मंडलायुक्त स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ राजस्व परिषद, ग्रामीण विकास, आयुष, शहरी विकास, योजना और अन्य विभागों में भी जिम्मेदारियां बदली गई थी।
मुरादाबाद में बदले मंडलायुक्त
प्रशासनिक फेरबदल में सबसे अहम बदलाव अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल में हुआ है। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया था। वह अंजनेय कुमार सिंह की जगह ली थी। अंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी। प्रतिनियुक्ति पूरी होने के बाद उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम वापस भेज दिया गया है। वहीं, प्रयागराज स्थित राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया।
प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव का संकेत
यूपी सरकार का यह फेरबदल राज्य की वरिष्ठ प्रशासनिक व्यवस्था में एक और महत्वपूर्ण पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा था। तबादला सूची में फील्ड प्रशासन के साथ कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अलीगढ़ और मुरादाबाद जैसे महत्वपूर्ण मंडलों में मंडलायुक्तों की नियुक्ति के अलावा ग्रामीण विकास, आयुष, शहरी विकास, योजना और राजस्व परिषद में बदलाव किए गए।
