UP Cabinet : रक्षा बंधन पर योगी सरकार का महिलाओं को बड़ा तोहफा! 60+ महिलाओं के लिए उम्रभर फ्री बस यात्रा, कैबिनेट ने लगाई मुहर
योगी कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की मंजूरी दी है। आधार या वोटर आईडी से उम्र और पहचान प्रमाणित कर महिलाएं इस सुविधा का लाभ ले सकेंगी। कैबिनेट ने नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य मंत्रिमंडल ने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की सभी बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने इस योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ रखा है।
60+ महिलाओं को जिंदगीभर फ्री सफर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में योजना को मंजूरी दी गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सभी बसों में जीवनभर बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ
परिवहन मंत्री के मुताबिक इस फैसले से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुविधाजनक और निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।
आधार या वोटर आईडी दिखाने पर मिलेगा लाभ
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को अपनी आयु और पहचान के प्रमाण के तौर पर आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। इसके आधार पर वे रोडवेज बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को मंजूरी
सरकार ने इस योजना को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना नाम दिया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा का रास्ता साफ हो गया है।
नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी
कैबिनेट बैठक में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ेंः CM योगी ने 3,572 नव चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति-पत्र, कहा- युवाओं को नई उड़ान देना सरकार की प्राथमिकता
