Amroha News : प्राथमिक विद्यालय नवादा का जर्जर भवन देख भड़के डीएम, कहा- बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
प्राथमिक विद्यालय नवादा का औचक निरीक्षण कर परखी शिक्षा व्यवस्था, मिड-डे मील और पेयजल का भी लिया जायजा
अमरोहा के जोया क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय नवादा के औचक निरीक्षण में डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने जर्जर भवन पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल तकनीकी जांच के निर्देश दिए। डीएम ने बच्चों से पढ़ाई का स्तर परखा और मिड-डे मील, आंगनबाड़ी, पेयजल व साफ-सफाई की व्यवस्था भी जांची।
अमरोहा, अमृत विचार। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने जोया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नवादा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक स्थिति परखी। विद्यालय के जर्जर भवन की हालत देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल तकनीकी जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, पेयजल व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछे और उनके सीखने के स्तर की जानकारी ली। डीएम ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए और विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के जर्जर भवन की स्थिति बेहद खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के अनुसार बच्चों को भोजन वितरित किए जाने की व्यवस्था भी देखी। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि बच्चों को सभी मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय में कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:-Amroha News : पांच दिन से लापता तीन साल की अमायरा का तालाब में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
