Amroha News : पांच दिन से लापता तीन साल की अमायरा का तालाब में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
On

17 अगस्त को घर के पास रिश्तेदारी में गई थी मासूम, शुक्रवार को तालाब में मिला शव

अमरोहा के ढकिया चमन गांव से 17 अगस्त को लापता हुई तीन वर्षीय अमायरा का शव पांच दिन बाद गांव के तालाब में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्ची की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

अमरोहा, अमृत विचार: अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के गांव ढकिया चमन से पांच दिन पहले लापता हुई तीन वर्षीय मासूम अमायरा का शव शुक्रवार को गांव के ही तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मासूम का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अखिलेश भदौरिया और सीओ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव ढकिया चमन निवासी अमायरा (3) 17 अगस्त को घर के पास स्थित रिश्तेदारी में गई थी। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। बच्ची की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। गांव और आसपास के इलाके में पुलिस ने तलाश अभियान चलाया था।

mbd

खेतों, खंडहर और अन्य संभावित स्थानों पर भी मासूम की तलाश की जा रही थी। पांच दिन से बच्ची के नहीं मिलने के कारण परिवार के साथ ही ग्रामीण भी परेशान थे। शुक्रवार को तालाब में मासूम का शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की पहचान अमायरा के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

एएसपी और सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने पर एएसपी अखिलेश भदौरिया और क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस बच्ची के तालाब तक पहुंचने और उसकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बच्ची के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें:-Lucknow Murder Case : बहन दिव्या की मौत पर प्रज्ञा मिश्रा ने उठाए कई सवाल, CCTV और 3 रिवॉल्वर पर भी जताया संदेह, कहा- सुहागरात पर ही...

 

संबंधित समाचार